By Pranat Bharti Edited By: Alok Shahi Updated: Sat, 25 Oct 2025 02:02 AM (IST) Chhath Puja 2025 Nahay Khay: आज यानी शनिवार, 25 अक्टूबर को नहाय खाय के साथ छठ पूजा 2025 का आरंभ हो गया है। आज छठ व्रती नियम-धर्म के साथ अरवा चावल, चने की दाल, कद्दू की सब्जी सेंधा नमक का प्रयोग कर बनाएंगी और इसे ग्रहण कर छठ पूजा का संकल्प लेंगी। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां उन्होंने स्नान किया। बाजारों में रौनक बढ़ गई है, और कद्दू की मांग बढ़ने से इसकी कीमतों में उछाल आया है। छठ पूजा के चलते बाजारों में जाम की स्थिति भी बनी हुई है।
Chhath Puja 2025 Nahay Khay: महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान छठ आज शनिवार, 25 अक्टूबर को नहाय खाय के साथ शुरू हो गया है। जागरण संवाददाता, मुंगेर। Chhath Puja 2025 Nahay Khay लोक आस्था , निष्ठा और पवित्रता का महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान छठ आज शनिवार, 25 अक्टूबर को नहाय खाय (कद्दू-भात) के साथ शुरू हो गया है। इससे पहले शुक्रवार को व्रतियों ने शुद्धीकरण के लिए गंगा स्नान कर व्रत के पकवानों के लिए गेंहू सुखाए। गंगा स्नान के लिए जिला मुख्यालय के कष्टहरणी , बबुआ, सोझी गंगा घाट सहित अन्य जगहों पर व्रतियों की भीड़ स्नान के लिए जुटी। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें छठ पूजा 2025 के चार दिवसीय अनुष्ठान के पहले दिन कद्दू से बने व्यंजनों का भाेग आराध्य देव सूर्य को लगाकर व्रती ग्रहण करेंगी। और स्वजन के बीच उसे प्रसाद के रूप में वितरण किया जाएगा। व्रत के दूसरे दिन रविवार, 26 अक्टूबर को खरना पर व्रती खीर का प्रसाद बनाकर भगवान भाष्कर को भोग लगाएंगी। इसके बाद घर-परिवार और पास-पड़ोस में खरना का प्रसाद वितरण किया जाएगा। सोमवार, 27 अक्टूबर को अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य एवं मंगलवार, 28 अक्टूबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ पूजा 2025 का निस्तार (समापन) होगा। छठ महापर्व को लेकर हर तरफ हर घर में गीत गुंजायमान हो रहे हैं। नियम और निष्ठा के साथ व्रती के स्वजन बाजार से छठ पूजा 2025 के लिए पूजन सामग्रियों की खरीदारी कर रहे हैं। घरों के एक एक कोना को पवित्र किया जा रहा है। घर के आसपास की सफाई तेज गति से हो रही है। घाटों को दुरुस्त कर सजावट की जा रही है। बाजारों में भीड़ बढ़ गई है। नारियल दौरा -सूप से पटा बाजार छठ का बाजार गुलजार है। हर तरफ नारियल,दौरा-सूप ,केतारी, सहित सीजनल फल सहित केला,सेब से फल की दुकानें सजी है। किराना दुकानों की भीड़ बढ़ गई है। मिट्टी के दिये ,ढ़कना,बद्धी, अरता, पूजा की पुड़िया ,पान ,सुपारी सहित पूजन सामग्रियां बाजार के फुटपाथ पर बिक रहे हैं। फल मंडी में सुबह से विक्रेताओं भीड़ के बीच डाक की गूंज सुनाई दे रही है। बाजार में लगा रहा जाम गंगा स्नान को लेकर नगर सहित आसपास के पहुंचे व्रतियों को लेकर पहुंचने वाहनों की भीड़ से शुक्रवार में जाम लगता रहा है। हालांकि भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल लगातार प्रयासरत रहे। लेकिन वाहनों की अधिक संख्या के कारण लगातार जाम की स्थिति बनी रही । 120 रुपये पीस तक बिका कद्दू हवेली खड़गपुर में छठ पूजा 2025 नहाय खाय को लेकर शुक्रवार को कद्दू की बिक्री जोरों पर रही। कद्दू के दामों में काफी उछाल देखा गया। हवेली खड़गपुर में कद्दू 70 रुपये से लेकर एक सौ बीस रुपया प्रति पीस तक बिका। वही नारियल सत्तर रुपये जोड़ा बिक रहा है। जगह-जगह फलों के अलावा नारियल की दुकान लगाई गई है। वही मिट्टी के बर्तन हाट चौक दुर्गा मंदिर के समीप कुंभकारो बेचे रहे हैं। छठ घाटों पर होगी सुविधा व सुरक्षा लोक आस्था के महापर्व छठ पर आस्था की बयार हर तरफ बह रही है। अस्ताचल और उदीयमान सूर्य के अर्घ्य को लेकर घाटों की व्यवस्था को दुरूस्त किया जा रहा है। घर से लेकर घाट तक पहुंचने के मार्ग की सफाई अभियान जोर शोर से चलाया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन सहित जागरण पंचायत क्लब , स्थानीय लोग व सामाजिक संगठन इस कार्य में जोर शोर से लगे हैं। सुविधा व सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी की जा रही है। ईओ कर रहे छठ घाटों का निरीक्षण , हर तरफ हो रही साफ सफाई जमालपुर के कार्यपालक पदाधिकारी विजयशील गौतम स्वयं लगातार सभी घाटों का निरीक्षण कर उसे आकर्षक और सुसज्जित बनाने का निर्देश दे रहे हैं। साफ सफाई के साथ-साथ सुरक्षा मानक को लेकर बैरिकेडिंग भी किया जा रहा है। काली पहाड़ी स्थित घाट पर रंग बिरंगी लाइटे लगाई जा रही है। सीढ़ी पर जीविका की दीदी मनमोहक रंगोलियां बना रही है। नगर मिशन प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि नगर परिषद प्रशासन सभी घाटों को सुसज्जित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है। युवकों की टोली कर रही तालाबों की सफाई हवेली खड़गपुर क्षेत्र के छठ घाटों की सफाई काफी तेजी से की जा रही है। कई छठ घाटों को बनाने में ग्रामीण सफाई कर्मी का सहयोग कर रहे हैं। नगर परिषद क्षेत्र के सद्भावना घाट, अम्मा कोल घाट, कालेज घाट, सिमपुर घाट, दुलारपुर घाट, कंटिया बाजार घाट, सहित सभी घाटों की सफाई नगर परिषद के मजदूर से कराई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्र में जगह-जगह टोली बनाकर नहर के किनारे छोटे-छोटे तालाबों की सफाई ग्रामीणों द्वारा की जा रही है। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विशाल मोहन ने बताया कि नगर क्षेत्र में कुल 33 घाट है। एसडीओ राजीव रोशन और एसडीपीओ अनिल कुमार लगातार घाटों की साफ सफाई व विधि व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। राजारानी तालाब की सफाई में जुटे पंचायत क्लब टेटिया बंबर में छठ पर्व को लेकर जागरण पंचायत क्लब बनगामा के सदस्य राजा रानी तालाब के घाटों की साफ सफाई में जुटे हैं। अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव ने कहा कि जागरण क्लब समाज की समस्याओं को उठाने के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भाग लेते रहे हैं। वही पंचायत जागरण क्लब और राजा रानी तालाब के ग्रामीणों ने मिलकर घाट की साफ सफाई किया गया। पंचायत के मुखिया निरंजन मंडल ने कहा कि पंचायत के बिछीचांचर, अम्मा बाजार, लोहारा, ताजपुर, धपड़ी साहित्य गांव के घाट की साफ सफाई लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान की सफाई कर्मी क्लब के सदस्य एवं ग्रामीण कर रहे हैं। इस अवसर पर डीसी कुमार, कृष्ण मोहन बिंद, मिथुन कुमार,मनोज साह, प्रमोद कुमार यादव सहित ग्रामीण उपस्थित थे। वहीं दूसरी ओर प्रखंड विकास पदाधिकारी निशा राय ने नौनाजी पंचायत के बाबा उच्चे ईश्वर नाथ महादेव मंदिर देवघरा के शिवगंगा घाट सहित अन्य घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश सफाई कर्मी को दिया। राजस्व पदाधिकारी विकास कुमार भी मौजूद थे। छठ पूजा घाटों पर लग रही लाइटें, बन रहा सूचना केंद्र असरगंज नगर के घाटों पर साफ सफाई के साथ लाइटें लगाई जा रही है। भीड़ नियंत्रण के लिए सूचना केंद्र बनाए जा रहे हैं। कार्यपालक पदाधिकारी सूर्यनंद सिंह ने घाट का निरीक्षण किया । वहीं पंचायत क्लब असरगंज के उपाध्यक्ष विजय शंकर उपाध्याय ने बताया नगर पंचायत के वार्ड नंबर 12 के राज बनेली दुर्गा मंदिर जलालाबाद के लाट पोखर में साफ सफाई क्लब की ओर से किया गया। सदस्य संजय नायक के नेतृत्व में वार्ड नंबर 8 में छठ घाट सहित आसपास की गंदगी को साफ किया गया। महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाया जाएगा। ग्रामीणों के सहयोग से क्लब के सदस्य रोहित कुमार ने शाहकुंड मोड़ सहित अन्य घाटों की साफ सफाई किया। पंचायत क्लब के अध्यक्ष अरविंद पंजियारा ने कहा कि पंचायत क्लब सभी सदस्य के द्वारा 5 दिन से लगातार छठ घाटों का साफ सफाई में लगे है।
