Dussehra 2025: रामलीला मैदान में 100 फीट के रावण का पुतला, मुरादाबाद में दहन की टाइमिंग - Dussehra Celebrations 100 Ft Ravana Effigy at Ramlila M

Updated: Thu, 02 Oct 2025 07:25 AM (IST) मुरादाबाद में बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। रामलीला मैदान में 100 फीट ऊंचा रावण का पुतला खड़ा किया गया है जो जिले में सबसे ऊंचा है। शाम 530 बजे दशहरा पर्व का शुभारंभ होगा और रात 930 बजे रावण दहन होगा। इस दौरान राम-रावण युद्ध का मंचन होगा और विभिन्न झांकियां निकाली जाएंगी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजय दशमी का पर्व गुरुवार को है। रामलीला मंचन के साथ-साथ दशहरा पर्व पर रावण दहन की तैयारियां भी हुई। श्रीराम लीला ग्राउंड प्रकाश नगर के रामलीला मैदान में क्रेन से रावण का पुतला खड़ा किया गया। यहां रावण के पुतले का कद जिले भर में सबसे ऊंचा 100 फीट का होगा। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें लाजपतनगर में एमएच कॉलेज और सिविल लाइंस और दसवां घाट पर रावण पुतले के कद छोटे हैं। रामलीला में नेहरू युवा केंद्र के मैदान में रावण का पुतला दहन श्रीराम के हाथों होगा। जबकि दसवां घाट पर रावण का पुतला दहन शुक्रवार को होगा। बुधवार को श्रीराम लीला ग्राउंड में रावण का पुतला क्रेन से खड़ा किया गया। रामलीला ग्राउंड में शाम 5:30 बजे जलेगा रावण का पुतला रामलीला मैदान में 100 फीट का पुतला क्रेन की मदद से खड़ा कर दिया गया है। राम रावण का सजीव युद्ध का मंचन रामलीला ग्राउंड में होगा। राम और रावण अपने रथ पर सवार होंगे। शाम 5:30 बजे मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह और डीआइजी मुनिराज पताका फहराकर दशहरा पर्व का शुभारंभ करेंगे। रात 9:30 से 10 बजे के बीच रावण के पुतले का दहन होगा। इसके साथ श्री राम का विजय तिलक जिलाधिकारी अनुज कुमार सिंह और एसएसपी सतपाल अंतिल करेंगे। आज शाम 5:30 बजे दशहरा पर्व का शुभारंभ, पुतला दहन रात 9:30 बजे राम रावण युद्ध के साथ 25 झांकियां मैदान में घूमेंगी। इसमें रामदरबार, राधा-कृष्ण, महाकाल, गणेश, खाटूश्याम, दुर्गा के नौ स्वरूप, तीन काली और तीन ही महिषासुर की झांकी होगी। बैंड दो ढोल ताशे इन झांकियों में होंगी। राम रावण युद्ध के दौरान करीब चार लाख की आतिशबाजी जलेगी। आतिशबाजी छुड़ाने को मेरठ, लोनी और मवाना से आए हैं। पिछले एक महीने से रावण का पुतला बनाने को आलम व उनके पांच साथी जुटे थे। जिसे देखने को बच्चे, युवा और बड़ों का जमाबड़ा लगा रहा। बैरीकेडिंग करके रावण के पुतले के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की गई है। रामलीला में करीब तीन लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है।  दीनदयाल नगर में 45 फीट का रावण का पुतला जलेगा सिविल लाइंस की रामलीला नेहरू युवा केंद्र दीनदयाल में शाम पांच बजे से शुरू होगी और रात 8:30 बजे रावण का पुतला दहन होगा।करीब 45 फीट ऊंचा पुतला यहां के लिए तैयार कराया गया है। करीब 75000 रुपये का पुतला आतिशबाजी के साथ तैयार किया गया है।नेहरू युवा केंद्र में दिन में ही पुतला खड़ा कर दिया जाएगा, जिससे बच्चे रावण का पुतला देखकर हर्षित हो सकें। राम-रावण युद्ध करते एमएच कालेज जाएंगे राम-रावण लाजपतनगर में एमएच कालेज के मैदान में रावण दहन होगा। यहां पर भी 40 फीट का पुतला जलेगा। एक घंटे की रामलीला राम कथा मंचन समिति लाजपतनगर के रामलीला मैदान में होगी। यहां से राम-रावण युद्ध लड़ते हुए एमएच कालेज पहुंचेंगे और वहां पर भी कुछ समय रावण युद्ध होगा। रात आठ बजे यहां रावण दहन किया जाएगा। मीडिया प्रभारी श्याम कृष्ण रस्तोगी ने बताया कि रावण का पुतला खड़ा करने की तैयारी चल रही है। दसवां घाट पर कल जलेगा 40 फीट का पुतला दसवां घाट पर तीन अक्टूबर को रावण का पुतला दहन होगा। यहां दशहरा से अगले दिन रावण का पुतला दहन होता है। यहां पर 40 फीट का पुतला जलेगा। श्रीरामलीला का शुभारंभ शाम 7:30 बजे हो जाएगा और रावण का पुतला दहन रात 10 बजे होगा। सुरक्षा की दृष्टि से अग्निशमन की गाड़ी यहां पर खड़ी रहेगी। मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि रावण का पुतला शुरू से ही दशहरा से एक दिन बाद जलता आया है। कारण प्रकाश नगर की रामलीला की वजह से सुरक्षा के मद्देनजर एक दिन बाद दसवां घाट का रावण जलता है। कुंदरकी में दशानन और कुंभकर्ण के फूंके जाएंगे पुतले कुंदरकी। श्रीरामलीला एवं मेला कमेटी के तत्वावधान मे विजय दशमी के अवसर पर नगर में चार अक्टूबर को दशहरा मेले में पुतला दहन किया जाएगा। कमेटी के अध्यक्ष प्रवीन भूषण एवं महामंत्री प्रेमपाल दिवाकर ने बताया कि इस बार भी दशानन का 35 और कुंभकर्ण का 30 फीट ऊंचा पुतला बनेगा। रावण के 35 फीट ऊंचे पुतले में नीचे का घाघरा आठ फीट चौड़ा होगा जबकि छह-छह फिट के पैर व हाथ बनाए जाएंगे। धड़ की ऊंचाई 20 फीट रहेगी। कुंभकर्ण का पुतला 30 फीट और घाघरे की चौड़ाई पांच फीट होगी। पुतलों में सुतली, कागज, रंगीन कागज एवं बांस का इस्तेमाल किया गया है। नगर मे इस बार चार अक्टूबर को पुतला दहन किया जाएगा। छजलैट के कूरी रवाना गांव में 50 फीट का ऊंचा जलेगा रावण का पुतला छजलैट क्षेत्र के गांव कूरी रवाना मे 70 वर्षो से रावण जलता आ रहा हैऔर गुरुवार को दशहरा पर पुतला दहन की तैयारी शुरू हो गई है। इस बार 50 फीट ऊंचा रावण का पुतला भी तैयार हो रहा है। रावण के पुतले को जीवंत रूप देने के लिए कारीगर जुटे हुए हैं। बांस, बल्ली, रस्सी, कागज, चमकीली पन्नी और सुतली के इस्तेमाल से जगह-जगह कारीगर रावण का पुतला बनाने में जुटे हुए है जहा गुरुवार को रावण का दहन किया जायेगा। कमेटी के अध्यक्ष सुमित गुप्ता प्रबंधक अनुज कुमार गुप्ता कोषाध्यक्ष नितिन गुप्ता मनोज गुप्ता अतुल कुमार गुप्ता अंकित गुप्ता संजीव कुमार गुप्ता, विशेश्वर प्रसाद शर्मा व्यवस्था में लगे हुए हैं।  आज बिलारी में चार स्थानों पर होगा पुतला दहन बिलारी क्षेत्र में कुल चार स्थानों पर रावण का पुतला दहन किया जाएगा। दो अक्टूबर को नगर के मंदिर पौड़ा खेड़ा में रात्रि 9:00 बजे एवं नगर के रायसत्ती मंदिर में शाम 7:00 बजे रावण का पुतला दहन होगा। तीन अक्टूबर को रुस्तम नगर सहसपुर के रामलीला मैदान में सात बजे शाम और 14 अक्टूबर को कमालपुर चंदौरा गांव के दशहरा मेले में शाम छह बजे रावण का पुतला दहन किया जाएगा। कांठ में 26 फीट ऊंचा रावण का पुतला कांठ: नगर में दशहरा स्थल पर गुरुवार को 7:50 पर रावण का पुतला दहन होगा। जिसकी ऊंचाई लगभग 26 फुट होगी। इसको लेकर रामलीला कमेटी के धर्मपाल सिंह ने बताया कि दशहरा पर होने वाले रावण के पुतला दहन को जिम्मेदारी सौंप दी है। डिलारी में 13 फीट ऊंचा रावण का पुतला डिलारी। दशहरा की तैयारियां जोरों पर हैं। दो अक्टूबर को दशहरा पर्व पर हर्षोल्लाह के साथ मनाया जाएगा। जिसकी तैयारियां जोरों पर की जा रही हैं, क्षेत्र में दो स्थानों पर कस्बा डिलारी, गांव जटपुरा में गुरुवार की शाम को रावण के पुतले का दहन किया जाएगा जिसकी तैयारी की जा रही हैं। कस्बा डिलारी निवासी डॉ.अनुपम शर्मा ने बताया कि 13 फुट की ऊंचाई का रावण का प्रतिवर्ष की तरह पुतला बनाया गया है। जिसको 104 साल हो गए हैं, जटपुरा में रावण का पुतला बनते हुए 60 वर्ष हो गए हैं,दोनों स्थानों पर धूमधाम के साथ मेलों का आयोजन भी किया जाएगा। भगतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत निबाड खास में रावण का दहन छह अक्टूबर को रात करीब 11 बजे होग।