Sunita Williams Biography In Hindi: 8 दिन के लिए NASA के एक मिशन पर स्पेस जाने वालीं सुनीता विलियम्स (Sunita Williams) आखिरकार 9 महीने बाद धरती पर सकुशल वापस लौट आई हैं। उनके साथी अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर भी उनके साथ वापस आ गए हैं। सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर का 9 महीने अंतरिक्ष में रहना और फिर वापस धरती पर आना एक तरह से विज्ञान का चमकत्कार ही है। सुनीता विलियम्स को लेकर फिलहाल सोशल मीडिया से लेकर अखबारों तक खबरें ही खबरें हैं। अगर आपके मन में भी यह उत्सुकता है कि सुनीता विलियम्स कौन हैं, तो आज हम आपको बताने जा रहे हैं भारतीय मूल की इस नासा एस्ट्रोनॉट के बारे में सबकुछ…

सुनीता विलियम्स कौन हैं: Who is Sunita Williams?

सुनीता विलियम्स एक अमेरिकी अंतिरक्ष यात्री और पूर्व यूएस नेवी ऑफिसर हैं। वह इतिहास की सबसे अनुभवी स्पेसवॉकर में से एक हैं। उन्होंने कुछ दिन नहीं बल्कि महीनों स्पेस में गुजारे हैं और कई स्पेसवॉक की हैं। यहां तक की स्पेस में मैराथन दौड़ भी की है। 19 सितंबर 1965 को जन्मी सुनीता विलियम्स का करियर नेवी और नासा दोनों में ही प्रेरणादायक रहा है। स्पेस के लिए अपनी लगन, साहस और उपलब्धियों के लिए विख्यात सुनीता विलियम्स का भारत से गहरा नाता है।

स्पेस स्टेशन की मरम्मत, 900 घंटे की रिसर्च… जानें 9 महीने तक सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर ने अंतरिक्ष में क्या-क्या किया

शुरुआती जीवन और सुनीता विलियम्स का परिवार: Early Life and Family of Sunita Williams

सुनीता विलियम्स का जन्म यूएस के ओहियो स्थित यूक्लिड में हुआ था। लेकिन वह मैसाचुसेट्स के नीधम को अपना होम टाउन मानती हैं और वह एक अमेरिकी नागरिक हैं। उनके पिता, दीपक पंड्या एक न्यूरोएनाटोमिस्ट के रूप में काम करते थे। दीपक पांड्या गुजरात के मेहसाणा जिले के झुलासान में पैदा हुए थे। इस लिहाज से देखें तो सुनीता विलियम्स का मूल गांव (Sunita Williams Native Village) झुलासान है। वहीं उनकी मां उर्सुलाइन बोनी पंड्या स्लोवेनियाई मूल की थीं। विलियम्स के दो बड़े भाई-बहन हैं, एक भाई का नाम जे थॉमस और एक बहन का नाम दीना आनंद है।

सुनीता विलियम्स की फैमिली में कौन-कौन है, क्या करते हैं उनके पति?

सुनीता विलियम्स एक मिश्रित सांस्कृतिक बैकग्राउंड से आती हैं, विलियम्स को अपनी भारतीय और स्लोवेनियाई विरासत पर गर्व है। वह अपनी जड़ों को ट्रिब्यूट देने के लिए एक स्लोवेनियाई फ्लैग, समोसा और एक पारंपरिक स्लोवेनियाई सॉसेज भी अंतरिक्ष में ले गईं।

सुनीता के पति की बात करें तो उनका नाम माइकल विलियम्स है। वह एक पायलट हैं और इस समय टेक्सास में एक पुलिस अधिकारी हैं। सुनीता और उनके पति दोनों सहपाठी थे और दोनों ने ही अपने करियर के शुरुआती दौर में हेलीकॉप्टर चलाया है।

कितनी पढ़ी-लिखी हैं सुनीता विलियम्स: Education of Sunita Williams

सुनीता विलियम्स ने 1983 में Needham High School से अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने United States Naval Academy ज्वॉइन कर ली और यहां 1987 में फिजिकल साइंस में बैचलर डिग्री हासिल की। साल 1995 में उन्होंने Florida Institute of Technology से इंजीनियरिंग मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री पूरी की।

सुनीता विलियम्स की उम्र क्या है:Age of Sunita Williams

सुनीता विलियम्स का जन्म 19 सितंबर, 1965 को हुआ था। इस लिहाज से फिलहाल वह 59 साल की हैं।

सुनीता विलियम्स का मिलिट्री करियर: Military Career of Sunita Williams

अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद, विलियम्स 1987 में एक अधिकारी के रूप में अमेरिकी नौसेना में शामिल हो गईं। उन्होंने नौसेना पायलट के रूप में प्रशिक्षण लिया और 1989 में एक हेलीकॉप्टर पायलट बन गईं। उन्हें ऑपरेशन डेजर्ट शील्ड और ऑपरेशन प्रोवाइड कम्फर्ट के दौरान भूमध्य सागर, लाल सागर और फारस की खाड़ी में ऑपरेशन सहित कई महत्वपूर्ण मिशनों को सौंपा गया था।

विलियम्स ने आपदा राहत कामों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 1992 में उन्होंने फ्लोरिडा में आए तूफान Andrew के दौरान राहत कामों में मदद की। बाद में वह अमेरिकी नौसेना टेस्ट पायलट स्कूल में एक परीक्षण पायलट और प्रशिक्षक बन गईं। नौसेना में अपने करियर के दौरान, उन्होंने 30 से ज्यादा अलग-अलग विमानों में 3,000 घंटे से अधिक की उड़ान भरी। वह 2017 में नौसेना से सेवानिवृत्त हुईं।

नासा में सुनीता विलियम्स का करियर: Astronaut Career at NASA

सुनीता ने 1998 में जॉनसन स्पेस सेंटर में एक अंतरिक्ष यात्री के रूप में अपना प्रशिक्षण शुरू किया। वह कई अंतरिक्ष अभियानों का हिस्सा बनीं और किसी महिला द्वारा स्पेसवॉक करने का रिकॉर्ड तोड़ा।

बता दें, सुनीता विलियम्स तीसरी बार अंतरिक्ष में गई हैं। इससे पहले उन्होंने 2006 और 2012 में दो मिशनों में कुल 322 दिन अंतरिक्ष में बिताए थे। कल्पना चावला के बाद वे अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के माध्यम से अंतरिक्ष जाने वाली भारतीय मूल की दूसरी महिला हैं।