सरकारी कंपनी पर 2.35 लाख करोड़ का कर्ज... NHAI बना रही नया प्लान, जानें क्या है टारगेट - nhai planning to reduce debt below rs 2 lakh crore in current financial year ending march
सरकारी कंपनी नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ( NHAI ) अपने बढ़ते कर्ज को लेकर परेशान है। ऐसे में इस सरकारी कंपनी ने अब कर्ज को इस वित्तीय वर्ष के अंत तक एक निश्चित सीमा तक कम करने की योजना बनाई है। अधिकारियों ने कहा कि मार्च में खत्म हो रहे मौजूदा फाइनेंशियल ईयर में कंपनी अपना कर्ज घटाकर 2 लाख करोड़ रुपये से कम करने का प्लान बना रही है।
एनएचएआई पर कितना कर्ज?
NHAI पर कर्ज 2021-22 में सबसे ज़्यादा 3.5 लाख करोड़ रुपये हो गया था। 31 दिसंबर, 2025 तक यह कर्ज 2,35,947 करोड़ रुपये था। एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर कहा, "सरकारी पॉलिसी के तहत, NHAI ने 2023 से कोई लोन नहीं लिया है और तब से कर्ज की देनदारी लगभग 32 प्रतिशत कम हो गई है।इसके अलावा, उन्होंने कहा कि अपना कुल कर्ज कम करने के लिए NHAI ने 86,000 करोड़ रुपये की देनदारियों का प्री-पेमेंट किया है। इसमें से 50,000 करोड़ रुपये NSSF लोन था। अधिकारी ने कहा कि चालू वर्ष के लिए कोई खास टारगेट तय नहीं किया गया था, लेकिन कर्ज की देनदारी को 2,00,000 करोड़ रुपये से नीचे लाने की योजना है।
कंपनी को कितनी हुई बचत?
शेड्यूल से पहले इस कर्ज को चुकाने से NHAI के कर्ज में भारी कमी आई है। बैंकों के साथ एक्टिव बातचीत की वजह से, NHAI पिछले दो सालों में इंटरेस्ट रेट को लगभग 80 बेसिस पॉइंट कम करके अपने इंटरेस्ट का बोझ कम कर पाया। इससे 3,500 करोड़ रुपये से अधिक की बचत हुई।