रीवा में बुजुर्ग को बाइक में बांधकर 3 किमी तक घसीटा, हालत गंभीर, मुख्य आरोपी गिरफ्तार - elderly man tied to a motorcycle and dragged for 3 km condition critical main accused arrested
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में बदमाशों ने एक बुजुर्ग साइकिल सवार को रस्सी से बांधकर घसीटा है। बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती किया गया है जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। बदमाशों ने बाइक पर बुजुर्ग को बांधकर करीब 3 किमी तक घसीटा था।
सेमारिया थाने की घटना
घटना सेमारिया थाना क्षेत्र के पड़रिया इलाके की है। शनिवार दोपहर बुजुर्ग को बांधकर घसीटा गया था। बुजुर्ग को इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल में भ्रती किया गया। बुजुर्ग को गंभीर चोटें आई हैं फिलहाल उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी कुन्नू साकेत को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो बदमाश अभी भी फरार हैं।
क्या थी विवाद की वजह
घायल बुजुर्ग का नाम लक्ष्मण प्रजापति है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, तीन युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मण प्रजापति वहां से अपनी साइकिल से जा रहे थे। बाइक सवार बदमाशों ने लक्ष्मण प्रजापति को रुकने के लिए कहा लेकिन लक्ष्मण प्रजापति नहीं रुके। जिसके बाद बदमाशों ने अपनी गाड़ी रोकी और लक्ष्मण प्रजापति को पकड़ लिया।
बदमाशों ने पहले लक्ष्मण प्रजापति के साथ मारपीट की। इसके बाद बाइक से बांध दिया और सड़क पर घसीटने लगे। सड़क पर रगड़ने के कारण बुजुर्ग बुरी तरह लहूलुहान हो गया।
परिजनों ने किया चक्काजाम
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों में गुस्से में सेमरिया-रीवा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया, जिससे कई घंटों तक जाम लगा रहा। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया और आरोपी कुन्नू साकेत को गिरफ्तार कर लिया। परिजनों का कहना है कि ऐसा व्यवहार तो जानवरों के साथ भी नहीं किया जाता है।