पटना हॉस्टल कांड: 'बड़े नेताओं को बचाने की हो रही कोशिश', FSL रिपोर्ट के बाद RJD का सरकार पर तीखा हमला - patna hostel neet student death rjd targeted on nitish kumar nda govt after fsl report updates
पटना के शंभू हॉस्टल में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में एफएसएल (FSL) रिपोर्ट सामने आने के बाद बिहार की राजनीति में भूचाल आ गया है। इस मामले को लेकर मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने नीतीश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राजद नेताओं ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि इस जघन्य कांड में एनडीए के बड़े नेता शामिल हैं, जिन्हें बचाने के लिए पुलिस प्रशासन मामले की लीपापोती कर रहा है।
एनडीए के बड़े नेताओं की संलिप्तता: भाई वीरेंद्र
राजद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने पहुंचे विधायक भाई वीरेंद्र यादव ने सरकार को घेरते हुए कहा कि पटना नीट छात्रा मौत मामले में एनडीए के रसूखदार नेता शामिल हैं। उन्होंने कहा, 'यही कारण है कि सरकार मामले को दबाने में जुटी है। हमारी मांग है कि इस पूरे प्रकरण की त्वरित जांच हो और जो भी दोषी पाए जाएं, उन्हें फांसी की सजा दी जाए।'
पटना एसएसपी को निलंबित करने की उठी मांग
वहीं, जहानाबाद से राजद विधायक राहुल शर्मा ने पटना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि केवल थानाध्यक्षों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। राहुल शर्मा के अनुसार, 'पूरी जांच पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा की देखरेख में हो रही थी। थानेदार जो भी कर रहे थे, वह उनके आदेश पर ही कर रहे थे। ऐसे में कार्रवाई की गाज पटना एसएसपी पर गिरनी चाहिए।' उन्होंने स्पष्ट किया कि राजद पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
दो थानाध्यक्ष निलंबित, जांच में लापरवाही की पुष्टि
बता दें कि पटना के शंभू हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के मामले में एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद पटना पुलिस ने एक्शन लिया है। सूचना संकलन में विफलता और समय पर कार्रवाई न करने के आरोप में दो अधिकारियों को अपर थानाध्यक्ष कदमकुआं, हेमंत झा और थानाध्यक्ष चित्रगुप्त नगर की थानेदार रोशनी कुमारी को निलंबित कर दिया गया है।