Haryana:ईंट भट्ठे पर पानी से भरे गड्ढे में गिरा पांच साल का मासूम, रातभर ढूंढते रहे माता-पिता; सुबह मिला शव - Five-year-old Boy Dies After Drowning In A Water Pit

Haryana:ईंट भट्ठे पर पानी से भरे गड्ढे में गिरा पांच साल का मासूम, रातभर ढूंढते रहे माता-पिता; सुबह मिला शव - Five-year-old Boy Dies After Drowning In A Water Pit

विस्तार Follow Us

खारवन रोड पर स्थित ईंट भट्ठे पर बने पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिरने से पांच साल के बच्चे साहिल की जान चली गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब साहिल घर के बाहर खेल रहा था। शनिवार शाम से लापता बच्चे का शव रविवार सुबह भट्ठे के पास बने सात-से आठ फीट गहरे पानी के भरे गड्ढे में मिला। सदर थाना जगाधरी पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया है।

और पढ़ें loader Trending Videos यह वीडियो/विज्ञापन हटाएं
 
साहिल का पिता शौकीन मूल रूप से सहारनपुर जिले के शाहजहांपुर, कलुवाला, जहानपुर बेहट के रहने वाले हैं। वह करीब चार माह पहले रोजी-रोटी की तलाश में पत्नी और तीन बच्चों के साथ यमुनानगर आए थे। खारवन रोड स्थित ईंट भट्ठे पर काम मिलने के बाद वहीं परिवार के साथ रह रहे थे। शनिवार शाम करीब चार बजे साहिल घर के बाहर खेल रहा था। विज्ञापन विज्ञापन

खेलते-खेलते वह कब भट्ठे की ओर चला गया, किसी को भनक तक नहीं लगी। परिजनों ने शाम होते ही उसकी तलाश शुरू कर दी। आसपास के इलाकों, रास्तों और भट्ठे के क्षेत्र में खोजबीन की गई। सोशल मीडिया के जरिए भी गुमशुदगी की सूचना फैलाई गई, लेकिन रातभर कोई सुराग नहीं मिला।

रविवार की सुबह दोबारा तलाश के दौरान भट्ठे के पास बने पानी के गड्ढे में एक हाथ बाहर दिखाई दिया। जब बच्चे को बाहर निकाला गया तो वह साहिल ही था। परिजन बच्चे को तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण पानी में डूबना बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ईंट भट्ठों के आसपास खुले पानी के गड्ढे लंबे समय से खतरा बने हुए हैं, लेकिन न तो इन्हें ढका जाता है और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए जाते हैं।

बच्चा पतंग उड़ाते समय पानी से भरे गड्ढे में गिर गया था। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। मामले में किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। - सतपाल, जांच अधिकारी थाना सदर जगाधरी।

पिता की चीख गूंजी, मां बेसुध

खारवन रोड के ईंट भट्ठे पर रविवार की सुबह जो दृश्य सामने आया, उसने हर आंख नम कर दी। पांच साल का साहिल शनिवार शाम को घर के बाहर खेल रहा था। मां ने आवाज लगाई, पिता ने चारों ओर नजर दौड़ाई, लेकिन साहिल कहीं दिखाई नहीं दिया। उम्मीद थी कि कहीं आसपास खेलते-खेलते चला गया होगा। रातभर तलाश के बाद सुबह परिजन फिर खोज में निकले। तभी भट्ठे के पास बने पानी के गड्ढे में एक छोटा सा हाथ नजर आया। जैसे ही बच्चे को बाहर निकाला गया, पिता शौकीन की चीख गूंज उठी। मां बेसुध हो गई। चार माह पहले रोजी-रोटी के लिए सहारनपुर से यमुनानगर आया यह परिवार अब टूट चुका है। खुले गड्ढे ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली और माता-पिता से उनका सबसे बड़ा सहारा। साहिल की चुप्पी आज भट्ठे के हर मजदूर को सवालों से भर रही है।
 

View Original Source