Himachal Congress:विनय कुमार बोले- कार्यकारिणी में हर जाति और वर्गों के लोगों को देंगे प्रतिनिधित्व - Himachal Congress: Vinay Kumar Said People From Every Caste And Class Will Be Represented In The Executive.
विस्तार Follow Us
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि राज्य में प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी में सभी जाति वर्गों के लोगों को उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। विनय कुमार ने अनुसूचित जाति विभाग के सभी पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों और सुझावों से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को अवगत करवाया जाएगा। रविवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में कांग्रेस पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग की राज्य स्तरीय बैठक में विशेष अतिथि के तौर पर शिरकत करते हुए विनय कुमार ने कहा कि भाजपा देश में जिस प्रकार से लोकतंत्र को कमजोर कर संविधान की धज्जियां उड़ा रही है, इसके खिलाफ सभी को एकजुट होकर आगे आना होगा। इस बैठक में कांग्रेस की अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने भी भाग लिया।
और पढ़ें
Trending Videos
यह वीडियो/विज्ञापन हटाएं
विनय कुमार ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अनुसूचित जाति से उन्हें प्रदेशाध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अनुसूचित जाति के लिए यह बड़े सौभाग्य की बात है। इससे पूर्व अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने बाबा भीमराव आंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके संघर्ष से प्रेरणा लेते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि बाबा भीमराव आंबेडकर ने अनुसूचित जाति के लोगों को संविधान में उनके अधिकारों को सरंक्षण दिया है। दुख की बात है कि केंद्र की भाजपा सरकार संविधान को कमजोर कर उनके अधिकारों को खत्म करने पर तुली है। बैठक में अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश प्रभारी कर्मवीर बोध, आयुर्वेद मंत्री यादविंद्र गोमा, विधायक किशोरी लाल, सुरेश कुमार, पूर्व मंत्री गंगूराम मुसाफिर, स्माल सेविंग के उपाध्यक्ष प्रकाश करड़, प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष अमित नंदा, लाल सिंह कौशल, विवेक कुमार मौजूद रहे।