Mamata Banerjee: BJP के इशारे पर देश के लोकतंत्र को कमजोर कर रहा चुनाव आयोग, ममता बनर्जी ने लगाए गंभीर आरोप - cm mamata banerjee accused election commission of crushing opposition west bengal sir
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाए जाने को एक दुखद तमाशा बताया है। उन्होंने चुनाव आयोग पर विपक्ष को दबाने और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के इशारे पर देश के लोकतंत्र को कमजोर करने का गंभीर आरोप लगाया है। बनर्जी का कहना है कि चुनाव आयोग अपने आकाओं के कहने पर काम कर रहा है और लोगों के वोट देने के अधिकार छीनने की कोशिश कर रहा है।
ममता ने क्या कहा?
ममता बनर्जी ने 'एक्स'(पूर्व में ट्विटर) पर अपनी भड़ास निकालते हुए कहा कि बीजेपी के अपने आकाओं की ओर से वे विपक्ष को कुचलने और भारत के लोकतंत्र की नींव को नष्ट करने में लगे हैं। फिर भी वे मतदाता दिवस मनाने की ढोंग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री बनर्जी चुनाव आयोग पर पश्चिम बंगाल में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया जल्दबाजी में कराने का आरोप लगा रही हैं।
मतदाता दिवस मनाने का ढोंग कर रही बीजेपी
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि निर्वाचन आयोग आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस मना रहा है और यह कितना दुखद तमाशा है! आयोग अपने आकाओं की आवाज बनकर लोगों के मतदान के अधिकार छीनने में व्यस्त है। फिर भी मतदाता दिवस मनाने का ढोंग कर रहा है। मैं आज उनके इस आचरण से बेहद निराश और व्यथित हूं।
उन्होंने यह भी कहा कि निर्वाचन आयोग तार्किक विसंगति के नाम पर नए-नए बहाने ढूंढ रहा है, ताकि लोगों को परेशान किया जा सके और उन्हें उनके चुनावी अधिकारों से वंचित किया जा सके।