New Year Celebrations in Meerut Parks Joy Resolutions and Community Spirit बोले मेरठ : खुद बढ़ेंगे आगे, शहर के विकास को देंगे रफ्तार, Meerut Hindi News

New Year Celebrations in Meerut Parks  Joy  Resolutions  and Community Spirit बोले मेरठ : खुद बढ़ेंगे आगे, शहर के विकास को देंगे रफ्तार, Meerut Hindi News

मेरठ। नए साल पर उमंग और मस्ती का माहौल पार्कों में नजर आया। साल के पहले दिन सूरजकुंड पार्क, गांधी पार्क और गोल मार्केट में लोगों की अच्छी भीड़ देखने को मिली। कोई अपने दोस्त के साथ था तो कोई अपने परिवार और बच्चों के साथ पार्कों में घूम रहा था। गांधी बाग का तो नजारा ही कुछ अलग था, जहां बच्चे झूले पर झूल रहे थे और कुछ लोग नाव में सवारी कर रहे थे। नए साल पर लोगों में जबरदस्त उत्साह नजर आया। हिन्दुस्तान बोले मेरठ टीम ने मौजूद लोगों से संवाद कर नए साल पर उनके संकल्प के बारे में जाना।

सभी ने खुद को अनुशासित करने और शहर को साफ सुथरा रखने का संकल्प लेते हुए नए साल का स्वागत किया। नए साल की पहली सुबह मेरठ के लिए सिर्फ तारीख का बदलना नहीं थी, बल्कि उम्मीदों, संकल्पों और सकारात्मक सोच की नई शुरुआत थी। कंपकंपाती ठंड, खिलखिलाते चेहरे और दिलों में उमंग, शहर के बड़े पार्कों में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। सूरजकुंड पार्क हो, गांधी पार्क या गोल मार्केट, हर जगह मानो मेले जैसा माहौल था। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग, हर उम्र के लोग नए साल की खुशी को खुलकर जीते नजर आए। गांधी बाग का दृश्य तो खास ही था। झूलों पर हँसते बच्चे, तालाब में नाव की सवारी करते परिवार और हरियाली के बीच टहलते युवा, यह सब मिलकर नए साल का जश्न मना रहे थे। कहीं दोस्तों की हंसी गूंज रही थी तो कहीं परिवार के साथ बिताए पलों की तस्वीरें मोबाइल कैमरों में कैद हो रही थीं। नए साल की यह शुरुआत सिर्फ मस्ती तक सीमित नहीं थी, इसमें एक गहरा संदेश भी छिपा था, खुद को बेहतर बनाने और शहर को और सुंदर बनाने का संकल्प। हिन्दुस्तान बोले मेरठ टीम ने जब लोगों से बातचीत की, तो हर जवाब में उम्मीद की झलक दिखाई दी। किसी ने कहा इस साल खुद को अनुशासित बनाऊँगा, तो किसी ने संकल्प लिया, अपने शहर को साफ रखने में मदद करेंगे। सूरजकुंड पार्क में लोगों की रही भीड़ नए साल पर सूरजकुंड पार्क उम्मीदों, खुशियों और मुस्कुराती जिंदगियों से भरा नजर आया। पार्क में मौजूद बच्चों की मौज-मस्ती, हाथों में रंग-बिरंगे गुब्बारे और आंखों में चमक थी। युवा अपने दोस्तों के साथ सेल्फी लेते, ठहाके लगाते और गानों की धुन पर बेफिक्र होकर थिरकते नजर आए। वहीं बुजुर्गों के चेहरे पर सुकून भरी मुस्कान थी, वे पार्क में दीवारों पर बैठकर इस बदलते दौर को देख रहे थे, जैसे अपने जीवन की यादों को नए साल की खुशियों से जोड़ रहे हों। वहीं लोगों का कहना था कि नए साल पर कुछ संकल्प भी लिए हैं। युवाओं ने ट्रैफिक नियमों का पालन करने, प्लास्टिक का कम इस्तेमाल करने और पेड़ लगाने की बात कही। महिलाओं ने स्वच्छता, सुरक्षा और आपसी सहयोग को प्राथमिकता की बात कही। खुशियों से गुलजार रहा गांधी बाग पार्क कैंट क्षेत्र में गांधी बाग का नजारा तो दिल छू लेने वाला था, कहीं बच्चों की हंसी, कहीं नाव में बैठकर पानी पर तैरती उम्मीदें, तो कहीं हरियाली के बीच सुकून की सांसें लेते लोग नजर आ रहे थे। फव्वारे के पास चल रहे गाने पर थिरकते लोग जिंदगी के खुशी वाले पल जी रहे थे। गांधी बाग में सिर्फ मस्ती ही नहीं थी, बल्कि दिलों में नए साल का संकल्प भी था। किसी ने कहा, इस साल खुद को बेहतर इंसान बनाऊंगा, तो किसी ने कहा शहर को साफ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाऊंगा। कई माता-पिता ने बच्चों को अच्छी आदतें सिखाने और उन्हें बेहतर नागरिक बनाने का संकल्प लिया। नए साल पर शहर को संवारेंगे लोगों का कहना है कि अगर हर इंसान खुद से शुरुआत करे, गलत आदतों को छोड़े, दूसरों का सम्मान करे और शहर को अपना घर समझकर उसकी देखभाल करे, तो मेरठ और भी खूबसूरत बन सकता है। बीते साल जो अधूरा रह गया, उसे इस साल पूरा करने का जज्बा सभी दिख रहा था। नए साल के पहले दिन पार्कों में उमड़ी भीड़ मनोरंजन के साथ संदेश भी दे रही थी, कि बदलाव की शुरुआत हमसे होती है। खुद को सुधारेंगे, तो शहर संवर जाएगा। यही नए साल का सबसे खूबसूरत संकल्प है, एक बेहतर इंसान बनने का और अपने शहर को गर्व करने लायक बनाने का। संकल्प नए साल पर खुद को बेहतर करेंगे, ताकि शहर संवर जाए, जब नागरिक जागरूक होते हैं, तो शहर भी अच्छा होता है, स्वच्छता, अनुशासन, सौहार्द से ही बड़ा बदलाव आता है। - मैनपाल सिंह राण नया साल सबके लिए अच्छा हो, खुशियां लेकर आए, हम चाहते हैं कि परिवार में नया साल सबके लिए बहुत अच्छा गुजरे, बच्चे खुश रहें और आगे बढ़ें। - बबीता राणा नए साल पर कुछ ऐसे काम रह जाते हैं जो पिछले साल नहीं हुए, वे इस साल हों, शहर का विकास हो और हमारा भी योगदान उसमें रहे, साफ सफाई रखेंगे। - प्रवीण कुमार पिछले साल जो काम अधूरे रह गए थे उन्हें पूरा करने का संकल्प लिया है, साथ ही शहर के विकास में हमसे जो बनेगा करेंगे, शहर को स्वच्छ रखेंगे। - मीनाक्षी नए साल पर संकल्प लिया है कि समाज में फैली कुरूतियों को दूर करूंगी, नए नियम बनाए हैं, शहर के लिए जो भी हो सकता है वह करेंगे, स्वच्छता का मुख्य ध्यान रखेंगे। - रेशमा राणा खुद के लिए और परिवार को लेकर जो सपने देखे हैं वह इस साल पूरे हो जाएं, सभी लोग नए साल में खुश रहें और शहर में बहुत कुछ अच्छा हो, शहर तरक्की करे। - आशा नया साल केवल जश्न नहीं, आत्ममंथन का भी वक्त होता है, खुद को सही रखने का संकल्प, ताकि शहर संवर सके, चारों ओर साफ सफाई रहे और शहर उन्नति करे। - पूनम इस बार संकल्प लिया है कि शहर के लिए जो बेहतर हो सकेगा करेंगे, साफ सफाई से लेकर सामाजिक व्यवस्थाओं को बेहतर करेंगे, ताकि लोगों को बेहतर व्यवस्था मिल सके। - राजेश गौड़ अगर हर इंसान खुद से शुरुआत करे, गलत आदतों को छोड़े, दूसरों का सम्मान करे और शहर को अपना घर समझकर उसकी देखभाल करे, तो मेरठ और भी खूबसूरत बन जाएगा। - सचिन तोमर इस साल खुद को बेहतर इंसान बनाएंगे, शहर को साफ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाऊंगा, साथ ही जो भी बन पाएगा शहर के लिए वह करूंगा, ताकि सबकुछ अच्छा हो। - रोहताश प्रजापति खुद को सुधारेंगे, तो शहर संवर जाएगा, मेरे लिए यही नए साल का सबसे बड़ा संकल्प है, एक अच्छा इंसान बनने का और अपने शहर को गर्व करने लायक बनाने का। - संदीप एल्फा मुझे ही नहीं बल्कि शहर के सभी युवाओं को संकल्प लेना चाहिए कि ट्रैफिक रूल्स को मानें, साफ सफाई रखें और शहर के विकास को नई दिशा दें, पर्यावरण को बेहतर बनाएं। - शुभम कौशिक

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी

Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics

Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play

View Original Source