RJD के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव करोड़ों के मालिक, इटली मेड पिस्टल रखते हैं साथ - tejashwi yadav working president karyakari adhyaksh rjd net worth 2026
राजद की कमान अब सीधे तौर पर तेजस्वी यादव के हाथ में दे दी गई है। हालांकि प्रत्यक्ष तौर पर लालू प्रसाद यादव ही राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे, लेकिन तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का मतलब ही साफ है कि अब वही पार्टी के सारे बड़े और छोटे फैसले लेंगे। अब चर्चा इस बात की कि तेजस्वी यादव के पास कितनी संपत्ति है। चर्चा इसलिए कि तेजस्वी बिहार की प्रमुख पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन चुके हैं। ऐसे में लोगों के मन में ये सवाल है।
जानिए तेजस्वी यादव के पास कितनी संपत्ति
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग में एफिडेविट दिया था। चुनाव आयोग को सौंपे गए हलफनामे में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने अपनी संपत्ति का पूरा ब्योरा दिया था। एफिडेविट के मुताबिक, तेजस्वी यादव की कुल नेटवर्थ करीब 8.1 करोड़ रुपये है। इसमें 6.12 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 1.88 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। नामांकन के समय उनके पास करीब 1.5 लाख रुपये नकद थे, जबकि विभिन्न बैंक खातों में लाखों रुपये जमा बताए गए हैं।
तेजस्वी के पास इटालियन पिस्टल
तेजस्वी यादव ने अपने हलफनामे में बताया है कि उनके पास एक इटली मेड पिस्टल और करीब एक लाख रुपयों के 50 जिंदा कारतूस भी हैं। नौवीं कक्षा तक शिक्षित तेजस्वी यादव ने अपने हलफनामे में संपत्ति के साथ-साथ कर्ज की जानकारी भी साझा की है। उन्होंने बताया कि उनके ऊपर 1.35 करोड़ रुपये की सरकारी देनदारियां हैं। इसके अलावा 55.55 लाख रुपये का कर्ज ऐसा है, जो उनके भाई तेज प्रताप यादव और मां राबड़ी देवी के साथ लिए गए संयुक्त ऋण से जुड़ा हुआ है।
5 साल में 2 करोड़ रुपये बढ़ी संपत्ति
तेजस्वी यादव ने साल 2015 में राघोपुर विधानसभा सीट से पहली बार चुनाव लड़ा था। यदि पिछले पांच वर्षों में उनकी संपत्ति में हुए इजाफे पर नजर डालें, तो साल 2020 के चुनावी हलफनामे में उनकी कुल संपत्ति 5.88 करोड़ रुपये दर्ज थी। उस समय उनके पास 1.20 लाख रुपये नकद और बैंक खातों में करीब 31 लाख रुपये जमा थे। इस हिसाब से बीते पांच वर्षों में उनकी संपत्ति में लगभग 2 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
तेजस्वी की पत्नी राजश्री भी करोड़पति
तेजस्वी यादव के साथ-साथ उनकी पत्नी राजश्री यादव भी करोड़पति हैं। हलफनामे के अनुसार, राजश्री यादव की कुल नेटवर्थ करीब 1.88 करोड़ रुपये है, जिसमें 59.69 लाख रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। खास बात यह है कि राजश्री यादव पर किसी भी तरह का कोई कर्ज नहीं है। आभूषणों की बात करें तो तेजस्वी यादव के पास 200 ग्राम सोने के गहने हैं, जबकि इस मामले में उनकी पत्नी उनसे आगे हैं। राजश्री यादव के पास 480 ग्राम सोने के आभूषण और 2 किलो से अधिक चांदी है। नकदी के तौर पर तेजस्वी यादव ने अपनी पत्नी के पास करीब 1 लाख रुपये नकद होने की जानकारी दी है।