Shahjahanpur Pizza Shop Couple Jump,शाहजहांपुर: हिंदू संगठन के डर से पिज्जा शॉप की दूसरी मंजिल से कूदा कपल, 8 पर केस दर्ज, जानिए पूरा मामला - shahjahanpur couple jumps from pizza shop second floor fearing hindu sangathan case filed against 8 people - Shahjahanpur News
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में पिज्जा की एक दुकान में एक हिंदू संगठन की ‘छापेमारी’ से डरकर वहां बैठे युवक-युवती ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार इमारत की दूसरी मंजिल से कूदने के कारण युवक-युवती गंभीर रूप से घायल हो गए और इस मामले में एक संगठन के तीन नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने रविवार को बताया कि जिले के थाना कांट अंतर्गत बरेली मोड़ के निकट पुवाया कस्बे का निवासी विशाल पिज्जा की एक दुकान में अपनी प्रेमिका के साथ शनिवार शाम को पिज्जा खाने गया था। इसी बीच एक संगठन के सात-आठ लोग दुकान में घुस आए और वहां मौजूद लोगों से परिचय पत्र (आईडी) मांगने लगे।
संगठन से डरकर पहले कूदी युवती
उन्होंने बताया, विशाल ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि संगठन के लोगों ने अभद्रता करनी शुरू कर दी और वीडियो बनाने लगे। इसके कारण वे दोनों डर गए और युवती दूसरी मंजिल से कूद गई, जिसे बचाने के लिए वह भी कूद गया।
एसपी ने कहा कि इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये और उनका उपचार किया जा रहा है। द्विवेदी ने बताया कि पुलिस ने युवक की शिकायत के आधार पर शनिवार रात को आरोपी प्रवेश, सोनू, हर्षित और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुकानों में केबिन हटा लें- एसपी
शाहजहांपुर पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने कहा है कि शहर में कुछ कैफे को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी दुकानों में केबिन हटा ले, पर्दों का प्रयोग न करें और शीशे भी पारदर्शी लगाए। उन्होंने कहा कि साथ ही अधिकारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वह ऐसे कैफे हाउस और रेस्तरां का औचक निरीक्षण करें। अवैध गतिविधियां पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करें।