कौन हैं अपर्णा यादव? मुलायम परिवार की छोटी बहू को क्या तलाक देंगे प्रतीक यादव - who is aparna yadav mulayam singh yadav choti bahu
उत्तर प्रदेश के चर्चित राजनेता, समाजवादी पार्टी के संरक्षक रहे और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के परिवार से एक बड़ी खबर सामने आई है। प्रतीक यादव के सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर आधिकारिक एकाउंट से पोस्ट में अपर्णा यादव के साथ तलाक की बात कही गई है। इस पोस्ट के सामने आते ही हलचल तेज हो गई है। अपर्णा यादव को लेकर लोग तरह-तरह की बात कर रहे हैं। दरअसल, यूपी चुनाव 2022 से पहले अपर्णा ने समाजवादी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया था। इसके बाद से ही वे मुलायम परिवार में चर्चा का विषय बनी हुई हैं। अब प्रतीक यादव के पोस्ट ने उन्हें फिर चर्चा में ला दिया है।
अपर्णा यादव किसकी बेटी हैं?
अपर्णा यादव मुलायम सिंह यादव-साधना गुप्ता के बेटे प्रतीक यादव की पत्नी हैं। इस लिहाज से वह मुलायम सिंह यादव की दूसरी बहू हैं। अपर्णा का जन्म पत्रकार अरविंद सिंह बिष्ट और लखनऊ नगर निगम में अधिकारी अंबी बिष्ट की पुत्री हैं। उनका जन्म 5 फरवरी 1990 को हुआ था। समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान उनके पिता को सूचना आयुक्त बनाया गया था।
अपर्णा यादव की शिक्षा
अपर्णा यादव ने लोरेटो कॉन्वेंट इंटरमीडिएट कालेज से पढ़ाई की। स्कूल के दिनों में ही उनकी प्रतीक यादव से दोस्ती हुई थी। महज 12 साल की उम्र में अपर्णा को प्रतीक ने ईमेल पर प्रपोज किया था। स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद अपर्णा यादव ने ब्रिटेन के मैनचेस्टर विश्वविद्यालय से मास्टर डिग्री पूरी की। उन्होंने वहां से इंटरनेशनल रिलेशन एंड पॉलिटिक्स में मास्टर डिग्री हासिल की है।
अपर्णा यादव ने भातखंडे संगीत विश्वविद्यालय में नौ सालों तक शास्त्रीय संगीत में औपचारिक शिक्षा ग्रहण की है। वह ठुमरी शैली में पारंगत हैं। उनके शास्त्रीय गायन कला की कई बार तारीफ हुई है।
कहां हुई थी शादी?
अपर्णा और प्रतीक की सगाई 2011 में हुई। इसी साल दिसंबर में मुलायम सिंह यादव के पैतृक गांव सैफई में दोनों की शादी हुई। उनकी बेटी का नाम प्रथमा है। इस शादी में अमिताभ बच्चन जैसे सुपरस्टार गेस्ट बनकर आए थे। मुलायम सिंह यादव ने इस शादी में अपनी ताकत का परिचय दिया था।
करती रही बीजेपी की तारीफ
अपर्णा यादव मुलायम परिवार बहू होने के बाद भी भाजपा की तारीफ कर सुर्खियों में आई थीं। वर्ष 2014 में स्वच्छ भारत अभियान के लिए पीएम नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की थी। 2017 में अपर्णा यादव ने कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार प्रदेश में अच्छा काम कर रही है। इसके बाद उन्होंने 2022 में भाजपा का दामन थाम लिया। राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भी वह भाजपा की तारीफ करती दिखी थीं।