Winter Storm In Us:अमेरिका में बर्फीले तूफान ने मचाई तबाही, 14 हजार से अधिक उड़ानें रद्द; हालात बिगड़े - Over 14,000 Flights Cancelled As Massive Winter Storm Sweeps Across Usa
विस्तार Follow Us
अमेरिका में बर्फीले तूफान की वजह से सप्ताहांत के दौरान करीब 14,000 उड़ानें रद्द कर दी गईं। तूफान की वजह से देश के अधिकांश हिस्सों में भारी तबाही होने की आशंका है और कई दिनों तक बिजली गुल रहने और प्रमुख सड़कों पर यातायात बाधित होने का खतरा पैदा हो गया है।
और पढ़ें
Trending Videos
यह वीडियो/विज्ञापन हटाएं
अमेरिका में बर्फीले तूफान से 40 प्रतिशत आबादी प्रभावित
अमेरिका में जारी बर्फीले तूफान से करीब 14 करोड़ लोग या लगभग 40 प्रतिशत आबादी प्रभावित है। तूफान के कारण 2.30 लाख लोग को रात अंधेर में गुजारनी पड़ी। शनिवार के बाद से 14 हजार से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं। बर्फबारी व जमा देने वाली ठंड के बीच बारिश के कारण ट्रंप ने 12 प्रांतों में संघीय आपातकाल को मंजूरी दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
मौसम विभाग का अनुमान है कि पूरे हफ्ते देश के दो तिहाई पूर्वी हिस्से में बर्फबारी, ओले, जमा देने वाली बारिश और खतरनाक रूप से ठंडी हवाएं चल सकती हैं। तूफानों को ऐतिहासिक बताते हुए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को साउथ कैरोलिना, वर्जीनिया, टेनेसी, जॉर्जिया, नॉर्थ कैरोलिना, मैरीलैंड, अर्कांसस, केंटकी, लुइसियाना, मिसिसिपी, इंडियाना और वेस्ट वर्जीनिया में संघीय आपातकाल को मंजूरी दे दी। ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, हम इस तूफान के रास्ते में आने वाले सभी राज्यों पर नजर रखेंगे और उनके संपर्क में रहेंगे। सुरक्षित रहें और गर्म रहें।
न्यू मेक्सिको से न्यू इंग्लैंड तक असर
डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी ने कहा कि 17 राज्यों और कोलंबिया जिले ने मौसम संबंधी आपातकाल घोषित कर दिया है। डीएचएस सचिव क्रिस्टी नोएम ने शनिवार को कहा, दक्षिण के प्रभावित राज्यों में हजारों लोग परेशान हैं। इन जगहों पर बिजली गुल है। हम व्यवस्था बनाने का काम कर रहे हैं। जमा देने वाले तूफान का असर न्यू मेक्सिको से लेकर न्यू इंग्लैंड तक महसूस किया जा रहा है।
न्यूयॉर्क और बोस्टन तक लगभग एक फुट बर्फबारी
मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि दक्षिण से गुजरने के बाद, तूफान के उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने की आशंका है, जिससे वाशिंगटन से लेकर न्यूयॉर्क और बोस्टन तक लगभग एक फुट या 30 सेंटीमीटर तक बर्फबारी होने की संभावना है। उसने बताया कि कई दिनों की भारी बर्फबारी के बाद, ग्रामीण लुईस काउंटी और न्यूयॉर्क के अन्य उत्तरी हिस्सों में भोर से ठीक पहले तापमान शून्य से 34 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया।
तूफानी मौसम को लेकर चेतावनी जारी
अमेरिका के एक दर्जन से अधिक राज्यों के गवर्नर ने आने वाले तूफानी मौसम को लेकर चेतावनी जारी की, आपातकाल की घोषणा की या लोगों से घर में ही रहने की अपील की। टेक्सस के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने एक्स पर कहा कि राज्य का परिवहन विभाग सड़कों से बर्फ हटाने का प्रयास कर रहा है, इसलिए लोग यथासंभव घर पर ही रहें।
30 खोज और बचाव दल तैयार
अमेरिका की संघीय सरकार ने संभावित आपात स्थिति के लिए करीब 30 खोज और बचाव दल तैयार रखे हैं। संघीय आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के अनुसार, अधिकारियों ने तूफान के संभावित क्षेत्र में 70 लाख से अधिक भोजन सामग्री, छह लाख कंबल और 300 जनरेटर उपलब्ध कराए हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन स्थिति से निपटने के लिए राज्य और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।